26 को 2 घंटे 52 मिनट का होगा सूर्य ग्रहण, धनु राशि में एक साथ रहेंगे 6 ग्रह

विदिशा, मुरारिया एक्सप्रेस न्यूज। गुरुवार 26 दिसंबर 2019 को लगने वाला सूर्य ग्रहण भारत में अधिकतम स्थानों पर खंडग्रास सूर्यग्रहण के रूप में दिखाई देगा। दक्षिण भारत के कुछ स्थानों पर कंकणाकृति सूर्य ग्रहण दिखाई देगी। ज्योतिषाचार्य पं. विनोद शास्त्री के अनुसार भारत में ग्रहण काल 2 घंटे 52 मिनट का रहेगा। सुबह 8.11 बजे से ग्रहण का आरंभ होकर सुबह 9.29 बजे मध्य काल और सुबह 11.02 बजे ग्रहण खत्म होगा। धर्माधिकारी पंडित विनोद शास्त्री ने बताया कि यह ग्रहण मूल नक्षत्र और धनु राशि पर पड़ रहा है। ज्योतिष के अनुसार सूर्य ग्रहण जिस नक्षत्र पर पड़ता है उससे संबंधित व्यक्ति और क्षेत्र पर इसका प्रभाव पड़ता है। ग्रहण धनु राशि में पड़ रहा है और धनु राशि में 6 ग्रहों की युक्ति चल रही है। ग्रहण के समय राशि में सूर्य, चंद्र, बुध, गुरु, शनि और केतु की युक्ति रहेगी। 6 ग्रहों की युक्ति में खण्ड ग्रास सूर्य ग्रहण पड़ रहा है। 6 ग्रहों के योग में पड़ने वाला ग्रहण देश के लिए शुभ नहीं माना जाता। मूल नक्षत्र धनु राशि वालों के लिए यह ग्रहण शुभ नहीं रहेगा। इस ग्रहण की विशेषता यह होगी की पृथ्वी पर चंद्र छाया की काली पट्टी दिखाई देगी। मूल नक्षत्र का संबंध उन लोगों से होता है जो अपने साथ शस्त्र रखते हैं। अतः ऐसे लोगों के लिए ग्रहण शुभ नहीं रहता।